पैरालंपिक्स में स्वर्ण पदक जीतकर खेलों के महानायक बने ऑस्कर पिस्टोरियस को जब से गर्लफ्रेंड की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है तब से उन पर करोड़ों रुपये निवेश करने वाले प्रायोजक ऊहापोह की स्थिति में हैं।
मशहूर खेल सामान निर्माता कंपनी नाइके से लेकर ब्रिटिश टेलीकॉम तक सभी प्रायोजक इस घटना के बाद सकते में हैं। बीटी के प्रवक्ता ने कहा, ‘मौजूदा कानूनी कार्यवाही को देखते हुए हम इस मसले पर अभी कोई बयान नहीं दे सकते। हमारी सहानुभूति पीड़ितों के साथ है।’ नाइके की दक्षिण अफ्रीका में प्रवक्ता सेरूस्का नायडू ने कहा, ‘फिलहाल मामले की जांच चल रही है। हम प्रायोजन के बारे में कोई बात नहीं कर रहे।’
उल्लेखनीय है कि ऑस्कर पिस्टोरियस ने 14 फरवरी को भूल वश अपनी 30 वर्षीय मॉडल गर्लफ्रेंड रीवा स्टीनकैंप की चोर समझकर हत्या कर दी थी। रीवा के सिर और बाजू में गोली लगी थी जिस कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। कोर्ट ने ऑस्कर को गर्लफ्रेंड की हत्या के मामले में औपचारिक रूप से आरोपी ठहरा दिया।