2020 ओलंपिक गेम्स की योजनाओं के लिए इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (आईओसी) की अगले महीने होने वाली बैठक में एक खेल को बाहर किया जा सकता है। 12 और 13 फरवरी को लुसाने में होने वाली आईओसी कार्यकारी बोर्ड की बैठक में मौजूदा 26 खेलों में से किसी 25 खेलों को ही चुना जाएगा जिस पर अंतिम मुहर सितंबर में अर्जेंटीना में होने वाली बैठक में लग जाएगी।
आईओसी के एक अधिकारी ने कहा, ‘ऐसी संभावना है कि फरवरी में होने वाली बैठक में 25 मुख्य खेल को शामिल करने का अपना प्रस्ताव वोटिंग के लिए ब्यूनस आयर्स में होने वाली बैठक के लिए रखें।’
हालांकि 2016 ओलंपिक से जुड़ रहे गोल्फ और रग्बी पर किसी तरह का संकट है। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि माडर्न पेंटाथलान को ओलंपिक से बाहर कर दिया जाएगा। यह खेल काफी पुराना हो चुका है जो अब दर्शकों को अपनी ओर नहीं खींच पा रहा।
आयोजकों का मानना है कि ऐसे खेलों को शामिल किया जाए जो युवा प्रशंसकों के साथ ही प्रायोजकों को अपनी ओर आकर्षित कर सके। इसके अलावा कुछ गेम्स ऐसे भी हैं जो ओलंपिक में जगह हासिल करने के लिए लगातार दस्तक दे रहे हैं। इसमें चीन का मार्शल आर्ट्स वूसू, स्पोर्ट क्लाइंबिंग, रोलर स्पोर्ट्स, स्क्वैश और कराटे प्रमुख हैं।