पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने के बाद नीरज चोपड़ा लगातार चर्चा में बने हुए। वह एथलेटिक्स में लगातार दो ओलंपिक में एक स्वर्ण और एक रजत के साथ-साथ ओलंपिक में एथलेटिक्स में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय हैं। वह ट्रैक एंड फील्ड में दो ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय हैं। 1900 में एथलेटिक्स में दो रजत पदक जीतने वाले नॉर्मन प्रिचर्ड ब्रिटिश मूल के थे। प्रतियोगिता की शुरुआत से पहले ही उनसे इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी और वह सभी की उम्मीदों पर खरे उतरे हैं। मौजूदा समय में नीरज चोपड़ा देश के सबसे चहेते एथलीट में से एक हैं। उनको देखने के लिए भारत में बड़ी संख्या में लोग जगे हुए थे। नीरज ने उन्हें निराश भी नहीं किया। भले ही स्वर्ण नहीं, लेकिन रजत पदक जीतकर अपनी झोली में एक और बड़ा पदक शामिल कर लिया। आइए समझते हैं कि कैसे वह देश के सबसे चहेते एथलीट बने।
नीरज चोपड़ा
- फोटो : PTI
एक सामान्य परिवार में जन्में नीरज ने सिर्फ फिटनेस के लिए से भाला फेंकने की शुरुआत की थी। उनका प्रदर्शन अच्छा था, इस वजह से उन्हें इसमें करियर चुनने की सलाह दी गई। नीरज ने ऐसा ही किया और भाला फेंक प्रतियोगिताओं में शामिल होने लगे। पूत के पांव पालने में दिख जाते हैं। इस कहावत को सच साबित करते हुए नीरज ने कम ही उम्र में यह दिखा दिया था कि वह आगे चलकर कमाल करने वाले हैं।
नीरज चोपड़ा
- फोटो : PTI
इसकी शुरुआत उन्होंने 2016 दक्षिण एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर की। 2017 में उन्होंने एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता और 2018 में एशियन गेम्स के साथ राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता। अब तक नीरज खेल जगत में चर्चित हो चुके थे, लेकिन आम लोग उन्हें अभी भी नहीं जानते थे। क्योंकि भाला फेंक देश के लोकप्रिय खेलों में शामिल नहीं था। नीरज ने 2020 ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। देश का बच्चा-बच्चा उन्हें जानने लगा और वह देश के सबसे चहेते खिलाड़ियों में शामिल हो गए। हालांकि, वह यहीं नहीं रुके। उन्होंने 2022 में डायमंड लीग में स्वर्ण और विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। अब उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतकर इतिहास रच दिया है और उनकी लोकप्रियता बढ़ गई है। नीरज का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 89.94 मीटर है और उनका अगला लक्ष्य 90 मीटर का आंकड़ा पार करना है।
नीरज चोपड़ा
- फोटो : PTI
नीरज चोपड़ा के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
स्टॉकहोम डायमंड लीग 2022
नीरज चोपड़ा ने स्वीडन में डायमंड लीग 2022 में 89.94 मीटर के जेवलिन थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था। इस थ्रो के साथ, उन्होंने फिनलैंड में पावो नुरमी गेम्स में सेट किए गए अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 89.30 मीटर को बेहतर किया।
पेरिस ओलंपिक फाइनल, 2024
नीरज का पेरिस ओलंपिक के फाइनल में 89.45 मीटर का थ्रो, उनके करियर का दूसरा सर्वश्रेष्ठ थ्रो रहा। हालांकि, इसके बाद वह एक बार भी वैध थ्रो नहीं कर सके।
दोहा डायमंड लीग, 2023
नीरज के 88.67 के थ्रो ने उन्हें 2023 में दोहा डिमोंड लीग में फिर से स्वर्ण पदक दिलाया। नीरज ने अपने पहले प्रयास में स्वर्ण पदक जीता।
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप, 2022
नीरज ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले एकमात्र भारतीय एथलीट बनकर इतिहास रच दिया। उन्होंने 88.13 मीटर के प्रयास के साथ रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया।
एशियन गेम्स, 2018
नीरज ने 2018 में एशियाई खेलों में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने 88.06 मीटर का थ्रो कर इतिहास रचा था।
लुसान डायमंड लीग, 2023
नीरज ने 87.66 मीटर थ्रो के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। यह उन्होंने पांचवें प्रयास में जाकर थ्रो किया और सीधे स्वर्ण पदक पर निशाना साधा। उनके गोल्डन आर्म का जादू एक बार फिर चला।
टोक्यो ओलंपिक, 2020
टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर नीरज रातोंरात सनसनी बन गए थे। अपने दूसरे थ्रो में उन्होंने 87.58 मीटर की दूरी तय की और भारत को ओलंपिक का पहला ट्रैक एंड फील्ड गोल्ड दिलाया।
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023
88.17 मीटर का थ्रो किया और स्वर्ण पदक जीता। इसी प्रतियोगिता के जरिए पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया। इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने।