टॉप शूटरों के लिए नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप बुरा सपना बन गई है। कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में सोमवार को लंदन ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाले जयदीप कर्माकर, अंजलि भागवत, अनीसा सैयद, सुमा शिरूर, मंपी दास को करारी हार का सामना करना पड़ा।
वहीं संजीव राजपूत, अनुराज सिंह, राही सरनोबत पदक जीतने में तो सफल रहे लेकिन उनका निशाना गोल्ड पर नहीं लगा। दिन का आकर्षण जसपाल राणा की बहन उत्तराखंड की सुषमा सिंह रहीं। उन्होंने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में लंबे समय बाद स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
टॉप शूटरों के बीच इस चैंपियनशिप में उभरते हुए शूटरों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। 10 मीटर एयर राइफल में राजस्थान की अपूर्वी चंदेला ने (395+103.7) के स्कोर पर गोल्ड जीता। महाराष्ट्र की पूजा घाटकर (395+103.5) को रजत और मध्य प्रदेश की पूर्णिमा चिन्मय (396+101.6) को कांस्य पदक मिला। यहां अंजलि भागवत, सुमा शिरूर, मंपी दास को हार का सामना करना पड़ा। 50 मीटर प्रोन में सेना के सुशील घाले (593+102.4) ने स्वर्ण जीता।
राकेश मनपत को रजत और संजीव राजपूत को कांस्य मिला। जयदीप कर्माकर 585 के स्कोर पर फाइनल में भी जगह नहीं बना सके। 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में सुषमा सिंह (580) ने फाइनल में किए गए 200.5 स्कोर की बदौलत स्वर्ण जीता। उन्होंने पहले स्थान पर चल रही रही सरनोबत को पीछे धकेला।
अनुराज सिंह को कांस्य मिला। यहां अनीसा सैयद चौथे स्थान पर रहीं जबकि श्वेता चौधरी फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। ट्रैप का गोल्ड हासिल करने के बाद बिहार की श्रेयषी सिंह ने डबल ट्रैप में भी गोल्ड जीता। उन्होंने 88 का स्कोर किया जबकि रजत के लिए सीमा तोमर (83) और वर्षा तोमर (83) के बीच टाई शूट हुआ जिसमें बाजी सीमा ने मारी। डबल ट्रैप में राज्यवर्धन राठौड़ (96) दो सीरीज के बाद बढ़त पर हैं जबकि यूपी के मुहम्मद असब (95) दूसरे स्थान पर हैं। रोंजन सोढ़ी (93) यूपी के शायान मसूद के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर चल रहे हैं।