सोलन के धर्मपुर से दो युवा महिला पहलवानों ने नेशनल प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता पिछले दिनों राजस्थान के कोटा में हुई। दोनों ने कांस्य पदक के लिए अलग-अलग किलो भारवर्ग में चौथे राउंड तक बेहतरीन प्रदर्शन किया। खुशी और आंचल ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल का नाम रोशन किया है।
दोनों ने चार राउंड तक विरोधी पहलवानों को टिकने नहीं दिया। सेमीफाइनल में दोनों को हार का सामना करना पड़ा। खुशी ने 38 किलोग्राम वर्ग में पहले राउंड में बाय लेकर दूसरे राउंड में महाराष्ट्र की महिला पहलवान को हराया। तीसरे राउंड में दिल्ली की पहलवान को पटकनी देकर चौथे राउंड में जगह बनाई।
62 किलोग्राम भार वर्ग में आंचल ने पहले राउंड में दिल्ली, दूसरे राउंड में बिहार, तीसरे राउंड में महाराष्ट्र के पहलवानों हराया। दोनों युवा पहलवानों को अंतिम दौर से बाहर होना पड़ा। हिमाचल में विभिन्न जगह दंगल में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली खुशी और आंचल ने राज्य स्तरीय कुश्ती में गोल्ड मेडल जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई थी।
खुशी और आंचल के गुरू पहलवान गोविंद सिंह ने बताया कि दोनों ने जिला सोलन का नाम चमकाया है व नेशनल प्रतियोगिता में सेमीफाइनल राउंड में उन्हें बाहर होना पड़ा है। प्रदेश से बाहर जाकर नेशनल खेलकर उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला है।