नागपुर में चल रहे महिला क्रिकेट अंडर-23 वन डे लीग में मुंबई की बल्लेबाज जेमिमाह के 185 रनों की शतकीय पारी और सानया की पांच विकेट ने हिमाचल को लीग से बाहर कर दिया है। सेमीफाइनल में मुंबई ने हिमाचल को 138 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि सूबे की टीम को लीग के पहले नौ में से सभी मैच जीतकर सेमीफाइनल में दसवें मैच में हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल में हिमाचल की बल्लेबाजों और गेंदबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।
मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में चार विकेट गंवाकर कुल 263 रन बनाए। टीम की सलामी बल्लेबाज जेमिमाह रोडरिग्स ने चार छक्कों, 29 चौकों की सहायता से 139 गेंदों में सर्वाधिक 185 रन की पारी खेली और वरुशाली भगत 40 रन बनाकर नाबाद रहीं।
हिमाचल की गेंदबाज रेनुका, तनुजा, सुष्मिता और हरलीन ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल की कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक पाईं। टीम की सलामी बल्लेबाज हरलीन 21 और एसएम सिंह 12 रन बनाकर आउट हो गईं। वहीं कशिश ने 17, वंदना ने 13, तनुजा ने आठ, चित्रा सिंह ने 14, सुष्मिता ने 15, रेणुका ने छह और पीजी काहलों ने मात्र तीन रन बनाए।
वहीं शालिनी और प्राची बिना खाता खोले पैवेलियन लौट गईं। मुंबई की ओर से उम्दा गेंदबाजी करते हुए सानया ने मात्र 19 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि जेआर पवार ने दो, एम दक्षिणी और मंजीरी ने एक-एक विकेट लिया।