उत्तराखंड के आर्यन शर्मा को वीनू माकंड ट्रॉफी के लिए उत्तर प्रदेश की अंडर-19 क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। आर्यन पहले भी यूपी अंडर-19, अंडर-16 और सेंट्रल जोन अंडर-16 की कप्तानी कर अपने शानदार खेल का लोहा मनवा चुके हैं।
देश के प्रमुख युवा क्रिकेटरों में शामिल आर्यन का परिवार देहरादून के वसंत विहार क्षेत्र में रहता है। आर्यन केपिता प्रमोद शर्मा ऑयल सेक्टर में नौकरी करते हैं। मां सुषमा शर्मा ने शुरूआत से ही आर्यन के खेल की जिम्मेदारी संभाली है।
एशियन स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र आर्यन ने अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में कोच रवि नेगी से क्रिकेट का ककहरा सीखा। उत्तराखंड से उन्होंने अपने खेल की शुरूआत की लेकिन प्रदेश को बीसीसीआई की मान्यता न होने के चलते उन्हें ट्रायल के लिए उत्तर प्रदेश का रुख करना पड़ा।
उनके शानदार खेल को देखते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश की टीम में चुना गया। विजय मर्चेंट ट्रॉफी में अपने डेब्यू मैच में शानदार शतक जमाकर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। 2016 में उन्हें उत्तर प्रदेश अंडर-16 टीम का कप्तान बनाया गया।
उनकी कप्तानी में टीम फाइनल तक पहुंचने में कामयाब रही। 2017 में बेहतरीन खेल के चलते उन्हें अंडर-16 सेंट्रल जोन टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। बाद में उन्हें यूपी अंडर-19 टीम का भी कप्तान बनाया गया।