फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विजय हजारे ट्रॉफी: उत्तराखंड ने मेघालय को हराकर लगातार जीता चौथा मैच

Mon, 01 Oct 2018 10:00 AM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तराखंड की टीम - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विजय हजारे ट्रॉफी में टीम उत्तराखंड ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को मेघालय की टीम को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। वैभव पंवार की शानदार गेंदबाजी की बदौलत उत्तराखंड ने मेघालय को 41.2 ओवर में 141 रन पर ढेर कर दिया। उसके बाद विनीत सक्सेना की अर्द्धशतकीय पारी के दम पर उत्तराखंड ने 31 ओवर में दो विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।

विज्ञापन


वडोदरा, गुजरात के मोतीबाग क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर उत्तराखंड ने मेघालय को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। उत्तराखंड के गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए। शुभम सौडियाल ने आठ रन पर दोनों ओपनर आरआर विस्वा (1) और सिल्वेस्टर (0) को पवेलियन भेजा। इसके बाद अभय नेगी (17) और पुनीत बिष्ट (17) ने पारी को संभालने का प्रयास किया।

सनी राणा ने अभय और दीपक धपोला ने पुनीत को पवेलियन भेजा। इसके बाद जेजे लमरे (19), योगेश नागर (44) और गुरिंदर सिंह (34) ने 129 तक स्कोर पहुंचाया। इनके आउट होने के बाद मेघालय की टीम ज्यादा देर नहीं टिक पाई और 141 रन पर सिमट गई। वैभव पंवार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए। दीपक धपोला व शुभम सौडियाल ने दो-दो और सनी राणा, मलोलन रंगराजन व मयंक मिश्रा ने एक-एक विकेट चटकाया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

विनीत ने जमाया अर्द्धशतक

छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरे उत्तराखंड के ओपनर करनवीर कौशल और विनीत सक्सेना ने सधी हुई शुरूआत की। हालांकि करनवीर (15) दुर्भाग्यशाली रहे और सातवें ओवर में कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद मैदान पर उतरे आर्य सेठी ने विनीत सक्सेना का अच्छा साथ निभाया और टीम का स्कोर 82 तक पहुंचाया। आर्य सेठी 25 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। विनीत ने एक छोर से टिककर शानदार बल्लेबाजी करते नाबाद 66 रन की पारी खेली। वैभव पंवार ने बल्लेबाजी में भी हाथ दिखाए और नाबाद 30 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। गुरिंदर सिंह ने मेघालय के लिए दोनों विकेट चटकाए। 

दूसरे स्थान पर कायम उत्तराखंड
लगातार चौथी जीत के साथ उत्तराखंड ने प्लेट ग्रुप की अंक तालिका में अपना दूसरा स्थान बरकरार रखा है। छह मुकाबलों में पांच जीत के साथ बिहार पहले और पांच मैच में चार जीत के साथ उत्तराखंड दूसरे स्थान पर है। उत्तराखंड को अपने पहले मुकाबले में बिहार के हाथों हार झेलनी पड़ी थी। 

मिजोरम से होगा अगला मुकाबला
दो अक्तूबर को उत्तराखंड का अगला मुकाबला टीम मिजोरम से होगा। मोतीबाग क्रिकेट स्टेडियम (वडोदरा, गुजरात) में मैच सुबह नौ बजे से शुरू होगा। उत्तराखंड टीम इस प्रतियोगिता में अपना छठा मुकाबला खेलने के लिए उतरेगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें