वीनू मांकड़ अंडर-19 (वनडे ट्राफी) ट्राफी में मुंबई को हराकर यूपी ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है। र्क्वाटर फाइनल मुकाबले 29 अक्तूबर से नागपुर में प्रारंभ होंगे। लीग का अंतिम मुकाबला 24 अक्तूबर को बंगाल के साथ सूरत में खेला जाएगा।
यूपी ने अपना 7वां मैच मुंबई के साथ सोमवार को सूरत में खेला था। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 46.2 ओवरों में 202 रन बनाए। इसमें यशस्वी जायसवाल ने 77 और प्रगनेश ने 46 रन बनाए। जबकि सचिन तेंदुलकर के पुत्र अर्जुन कुछ खास नहीं कर सके। मोहित जागड़ा ने 39 पर 4 विकेट लिए।
शिवम शर्मा, कृतज्ञ सिंह और पूर्णांक त्यागी ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में खेलने उतरी यूपी की टीम ने आवश्यक रन 46.1 ओवरों में पांच विकेट खेाकर बना लिए। इसमें समीर चौधरी 81, अंजेनय सूर्यवंशी ने 31, कृतज्ञ सिंह ने 33 और ध्रुव ने 32 नाबाद रन बनाए। इस जीत के साथ ही यूपी ने लीग मैचों में लगातार सातवीं जीत हासिल की। इस जीत के साथ यूपी 28 अंक लेकर टॉप पर चल रही है। लीग का अंतिम मुकाबला पश्चिम बंगाल के साथ 24 अक्तूबर यानी बुधवार को सूरत में खेला जाएगा। यूपी अंडर-19 टीम के कोच मोहम्मद आमिर खान और मैनेजर सतीश जायसवाल हैं।