अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में अंडर-19 महिला टी-20 ग्रुप-सी में नगालैंड को एक और शर्मनाक हार झेलनी पड़ी है। रविवार को हिमाचल ने नागालैंड को 10 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नगालैंड की पूरी टीम 18.4 ओवर में 24 पर ढेर हो गई। निर्धारित लक्ष्य को हिमाचल ने मात्र तीन ओवर में ही पूरा कर लिया। दूसरे मैच में हरियाणा ने उत्तराखंड को नौ विकेट से हराया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नगालैंड की टीम हिमाचली गेंदबाजों के आगे टिक नहीं पाई। टीम के सात बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। अंतिमा ने 10 और रिति विश्वास ने आठ रन बनाए। हिमाचल की ओर से पीजी काहलों ने चार ओवर में छह रन देकर सर्वाधिक तीन, वीपी फिस्टा ने 3.4 ओवरों में तीन रन देकर दो, अदिति और एनएम चौहान ने 1-1 विकेट लिया।
हिमाचल की ओर से सलाम बल्लेबाजी कप्तान एसएम सिंह ने नाबाद 16 और पूजा नेगी ने नाबाद चार रन बनाए और मैच जीत लिया। दूसरे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तराखंड ने 20 ओवर में छह विकेट गवांकर 63 रन बनाए।
टीम की ओर से कंचन परिहार 14, राघवी 11, ज्योति गिरी 9, मुदिता ग्रोवर 8, राधा चंद 2, अंकिता विष्ठ नाबाद 9 व प्रमिला रावत नाबाद 3 रन बनाए। निर्धारित लक्ष्य का पीछा हरियाणा ने 8.1 ओवर में पूरा किया। इसमें शैफाली वर्मा ने 26, जिग्याशा ने नाबाद 11 और तनु जोशी ने नाबाद 19 रन का सहयोग दिया।