चंडीगढ़ ट्राईसिटी के तीन शूटर इस साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक में चुनौती पेश करेंगे। चंडीगढ़ की पहली महिला निशानेबाज अंजुम मोदगिल, पंचकूला की यशस्वी देसवाल और डेराबस्सी के अंगद वीर
बाजवा ओलंपिक में निशाना लगाएंगे।
नेशनल राइफल शूटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनएआरआई) की राष्ट्रीय चयन समिति की बैठक में टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय निशानेबाज दल का चयन किया गया। करीब दो साल पहले ओलंपिक कोटा हासिल करने वाली अंजुम 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन इवेंट में भाग लेंगी।
यह पहला ऐसा मौका होगा, जब शहर की किसी महिला निशानेबाज को खेलों के महाकुंभ में भाग लेने का अवसर मिलेगा। अंजुम के परिवार में उनकी मां शुभ और पिता सुदर्शन मोदगिल ने बेटी के ओलंपिक चयन पर खुशी जताई है। उन्हें मीडिया के माध्यम से ही इसकी जानकारी मिली है। अंजुम की मां ने बेटी को शूटिंग के प्रति प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभाई है। हाल ही में विश्व कप शूटिंग में उनका शानदार प्रदर्शन रहा था।