राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलोह में छात्रों की अंडर-19 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोचक मुकाबले हुए। टेबल टेनिस का फाइनल कांगड़ा और सिरमौर की टीमों के बीच खेला गया। इसमें कांगड़ा ने सिरमौर को हराकर खिताब अपने नाम किया। सहायक निदेशक क्रीड़ा हिमाचल प्रदेश प्रीतम सिंह दोंटा और मेजबान स्कूल के प्रधानाचार्य रूप चंद शर्मा ने बताया कि योग के फाइनल में हमीरपुर विजेता और सोलन ने उपविजेता का खिताब जीता।
बैडमिंटन में ऊना की टीम ने सोलन को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल शिमला और चंबा की टीमों के बीच हुआ। इसमें शिमला ने चंबा को हराकर फाइनल में जगह बनाई। लीग आधार पर हुए वॉलीबाल मैचों में स्पोर्ट्स हॉस्टल मतियाना ने साई हॉस्टल बिलासपुर को 3-1 से हराया। सिरमौर ने हमीरपुर को 3-1, शिमला ने चंबा को 3-0, ऊना ने मंडी को 3-0, मंडी ने किन्नौर को 3-0, सोलन ने कुल्लू को 3-0 से और सिरमौर ने कांगड़ा की टीम को 3-1 से हराया।
खो-खो के क्वार्टर फाइनल में मंडी ने बिलासपुर, सिरमौर ने कुल्लू, सोलन ने चंबा तथा शिमला ने हमीरपुर को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। कबड्डी कन्वीनर हेमराज ने बताया कि लीग आधार पर कबड्डी मैचों में ऊना ने किन्नौर, मंडी ने चंबा, सोलन ने सिरमौर, बिलासपुर ने चंबा, कुल्लू ने किन्नौर और हमीरपुर ने शिमला को हराया।