रामपुर में कबड्डी का रोमांच देखने को मिलेगा। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय खिलाड़ी अजय ठाकुर सहित कई अन्य स्टार खिलाड़ी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। अजय ठाकुर प्रदेश पुलिस की टीम से प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं।
बुशहर कबड्डी संघ रामपुर की ओर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता करवाई जा रही है। प्रतियोगिता फरवरी माह में होगी। 12 जिलों के 200 से अधिक खिलाड़ी और ऑफिशियल भाग लेंगे। इसमें हिमाचल पुलिस, वन विभाग, आईटीबीपी सहित कई अन्य विभागों की टीमों के खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे।
प्रदेश कबड्डी संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजकुमार ब्रामटा ने बताया कि बुशहर कबड्डी संघ रामपुर को पहली बार वरिष्ठ पुरुष वर्ग में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता करवाई जा रही है। इस स्पर्धा में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तरीय खिलाड़ी भाग लेंगे। स्पर्धा में अंतरराष्ट्रीय स्तरीय खिलाड़ी अजय ठाकुर सहित कई अन्य दिग्गज खिलाड़ी भाग लेंगे।
संघ के मीडिया प्रभारी संजय नेगी ने कहा कि यह प्रतियोगिता पहली बार रामपुर में होने जा रही है। नेगी ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से निकाल कर खेलों से जोड़ना है, ताकि वे अपने भविष्य को संवार सकें और नशे से दूर रह सकें। स्पर्धा की तिथि 5 जनवरी को होने वाली बैठक में निर्धारित की जाएगी।