राज्य स्तरीय दिव्यांग खेल उत्सव-2018 का आयोजन 2 और 3 दिसंबर को खेल परिसर धर्मशाला में होगा। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि युवा सेवा एवं खेल विभाग हिमाचल प्रदेश और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हो रही प्रतियोगिता का शुभारंभ 2 दिसंबर को प्रात: 11.30 बजे सिंथेटिक ट्रैक मैदान में होगा।
शर्मा ने बताया कि खेल उत्सव में जनजातीय जिला किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर 10 जिलों के 300 से अधिक दिव्यांग बच्चे भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि खेल उत्सव में शारीरिक, मानसिक, श्रवण एवं दृष्टि से संबंधी चुनौतियों से जूझ रहे 13 से 17 वर्ष के युवा 50 मीटर दौड़, सॉफ्टबाल थ्रो, स्किपिंग, 100 मीटर दौड़, ब्रॉड जंप, बैडमिंटन, भाषण, चित्रकला, सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग ले रहे हैं।