बर्फ से लकदक सोलंगनाला की स्की ढलान में देशभर के सैलानियों का डेरा लग गया है। हिमाचल समेत देश के अन्य राज्यों के खिलाड़ियों के साथ सेना और अर्द्धसैनिक बल के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय विंटर गेम्स में भाग लेंगे। वीरवार को खिलाड़ियों ने सोलंगनाला की स्की ढलान पर खूब पसीना बहाया। पहली बार यह आयोजन भारतीय ओलंपिक संघ के बैनर तले हो रहा है। हिमाचल विंटर गेम्स एसोसिएशन, अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण खेल संस्थान मनाली, राष्ट्रीय विंटर कार्निवाल कमेटी मिलकर प्रतियोगिता करवा रहे हैं। एक से छह फरवरी तक चलने वाले राष्ट्रीय विंटर गेम्स का शुभारंभ वन एवं खेल मंत्री गोविंद ठाकुर शुक्रवार को करेंगे।