शिक्षा विभाग शैक्षणिक सत्र 2019-20 में पढ़ाई के साथ चार विभिन्न खेलों के खिलाड़ी तैयार करेगा। इसके लिए प्रदेश भर में नौ खेलकूद छात्रावास के लिए ट्रायल शेड्यूल शिक्षा विभाग ने जारी कर दिया है। लड़के और लड़कियों को बास्केटबॉल, वॉलीबाल, हॉकी और फुटबॉल का प्रशिक्षण पढ़ाई के साथ दिया जाएगा। छात्रावास में प्रवेश के लिए खिलाड़ियों को तय शेड्यूल के अनुसार ट्रायल में भाग लेना होगा।
शेड्यूल के अनुसार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पपरोला (कांगड़ा) में लड़के और लड़कियों के बास्केटबॉल खेल के छात्रावास में प्रवेश के लिए 22 अप्रैल को ट्रॉयल रखा गया है। इसके अलावा लड़कों के वॉलीबॉल में रावमापा बाल रोहडू (शिमला) में 23 अप्रैल और फुटबॉल के लिए 24 अप्रैल, रावमापा छात्रा जुब्बल (शिमला) में लड़कियों के वॉलीबॉल के लिए 26 अप्रैल, लड़कों के वॉलीबॉल को रावमापा मतियाणा (शिमला) में 29 अप्रैल, लड़के और लड़कियों की हॉकी का रावमापा छात्र सुंदरनगर (मंडी) में 23 अप्रैल, रावमापा छात्र नादौन (हमीरपुर) में लड़कों की हॉकी का 25 अप्रैल, लड़कियों की हॉकी का रावमापा माजरा (सिरमौर) में 27 अप्रैल, जबकि रावमापा सरकाघाट (मंडी) में लड़कियों के छात्रावास के लिए ट्रायल 24 अप्रैल को होगा।
उपनिदेशक उच्च शिक्षा कांगड़ा गुरदेव सिंह ने बताया कि खेलकूद छात्रावास के लिए ट्रायल का शेड्यूल आया है। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ी निर्धारित स्थान और तिथियों को सुबह नौ बजे रिपोर्ट कर सकते हैं। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की आयु 13 से कम और 18 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। वहीं पूरे दस्तावेजों के साथ खिलाड़ियों को ट्रायल में आना होगा।