इंडिया खेलो फुटबाल की श्रृंखला में जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से एक दिवसीय फुटबाल प्रतियोगिता 20 मार्च को ग्रीनपार्क मैदान में होगी। बुधवार को ग्रीनपार्क में पत्रकार वार्ता में जिला फुटबाल एसोसिएशन के सचिव अजीत सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता देशभर के जिलों में हो रही है।
विज्ञापन
जेएनटी संस्था के प्रबोध शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में 10 टीमें प्रतिभाग करेंगी। सभी मैच नॉक आउट होंगे। विजेता टीमें दिल्ली, मुंबई, कोलकाता व बंगलूरू में खेलेंगी। इसमें से जो टीम जीती, वह एक माह के यूरोप दौरे पर जाएगी। वहां विभिन्न क्लबों से मैच खेलने का मौका मिलेगा। वार्ता मे राजेंद्र तिवारी, अहमद अली खान, शिव कुमार आदि मौजूद रहे।
ये टीमें खेलेंगी
यशपाल खेरा एकादश, मो. शरीफ एकादश, डीबी थापा एकादश, रमा शंकर एकादश, राजकुमार एकादश, सुनील कुमार एकादश, वीरेंद्र कुमार एकादश, सुरेश चंद्र एकादश, मोहम्मद रईस जाफरी एकादश, एके आचार्य एकादश।
विज्ञापन
फार्म हाउस की टीम ने तीन रन से जीता मैच
वीकेयर कप टूर्नामेंट में बुधवार को फार्म हाउस की टीम ने कानपुर फिजियो लायंस को तीन रनों से हरा दिया। डीएवी मैदान पर फार्म हाउस की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 144 रन बनाए। कानपुर फिजियो लायंस की टीम 20 ओवर में छह विकेट खोकर 141 रन ही बना सकी।
अमित के शतक से रिजर्व बैंक टीम जीती
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की केडीएमए लीग में अमित मेहरा के (124) के शतक से रिजर्व बैंक की टीम 124 रनों से जीत गई। रामकली मैदान पर रिजर्व बैंक की टीम ने 30 ओवर में आठ विकेट खोकर 292 रन बनाए। वाईएमसीए की टीम 25.3 ओवर में 168 रन पर ऑलआउट हो गई। सप्रू मैदान पर भारत क्लब की टीम ने 37 ओवर में नौ विकेट खोकर 230 रन बनाए। यूनिक क्लब की टीम 23.2 ओवर में 117 रन पर ही सिमट गई।
फुटबाल: ट्राईब्रेक में ज्योति एकेडमी की टीम बनी विजेता
जिला फुटबाल संघ के तत्वावधान में बीपीएल मैदान बाबूपुरवा में आयोजित दो दिवसीय सीनियर महिला फुटबाल का फाइनल ज्योति एकेडमी की टीम ने जीता। मैच ज्योति एकेडमी व सपना चैलेंजर के मध्य खेला गया। दोनों के बीच मैच 0-0 से ड्रा हो गया। इसके बाद ट्राई ब्रेक में ज्योति एकेडमी की टीम 3-2 से जीत गई। मुख्य अतिथि पूर्व अंतरराष्ट्रीय टीटी खिलाड़ी संजीव पाठक रहे। यहां संघ के सचिव अजीत सिंह, राजन चौहान, डीबी थापा, अभिषेक रावत आदि मौजूद रहे।
जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता 21 को
विसडमवुड पब्लिक स्कूल कल्याणपुर आवास विकास की ओर से 21 मार्च को अंडर-14 शतरंज प्रतियोगिता होगी। इसमें अधिकतम 60 खिलाड़ी भाग लेंगे। आयु की गणना एक जनवरी 2017 से की जाएगी। प्रतियोगिता कानपुर शतरंज एसोसिएशन के तत्वावधान में होगी। यह जानकारी विद्यालय की प्रधानाचार्य पारुल भार्गव ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। प्रतियोगिता अंडर-14, अंडर-12 व अंडर-10 वर्ग में होगी। पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि 19 मार्च है। इच्छुक खिलाड़ी विद्यालय में संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं।
आदर्श, सतनाम के खेल से केडीएमए सेमीफाइनल में
काउंटी क्रिकेट क्लब की ओर से चल रही स्व. आरके देवी स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मैच में आदर्श व सतनाम के खेल से केडीएमए की टीम सेमीफाइनल में प्रवेश कर गई। कानपुर साउथ मैदान किदवई नगर में नेशनल क्लब ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए केडीएमए की टीम ने 35 ओवर में पांच विकेट खोकर 301 रन बनाए। आदर्श सिंह ने 112, सतनाम सिंह ने 77 रनों की पारी खेली। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी नेशनल क्लब की टीम 24.5 ओवर में 164 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। केडीएमए के सतनाम सिंह ने तीन विकेट लेकर टीम को जिताने में अहम भूमिका निभाई।
रीजेंसी रॉयल्स ने दो विकेट से जीता मैच
डॉक्टर्स क्रिकेट लीग में बुधवार को रीजेंसी रॉयल्स ने आभा किंग को दो विकेट से हरा दिया। पालिका मैदान में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आभा किंग की टीम ने 25 ओवर में छह विकेट खोकर 164 रनों की पारी खेली। अविरल ने सर्वाधिक 59 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी रीजेंसी रॉयल्स की टीम ने 23.3 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
फ्रीडम एकादश व गोविंद नगर सिंह एकादश ने जीते मैच
श्री गुरु सिंह सभा लाटूश रोड के तत्वावधान में श्रीगुरु तेग बहादुर साहिब के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य पर बुधवार को शास्त्री नगर पार्क में मैच हुए। पहले मैच में फ्रीडम एकादश ने दशमेश वॉरियर को 25 रनों से हराया। दूसरे मैच में गोविंद नगर सिंह एकादश की टीम ने रंगोली एकादश को सात विकेट से हराया। टूर्नामेंट का शुभारंभ कोऑपरेटिव इंडस्ट्रियल इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस मौके पर सभा के प्रधान हरजिंदर सिंह लॉर्ड, पुनीत चावला, मनमीत सिंह, अमित सिंह, मन्नी भाटिया आदि लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में फिजियो बने डॉ. अभिषेक
दिल्ली में 19 से 21 मार्च तक होने वाली 9वीं राष्ट्रीय हैपकिडो (मार्शल आर्ट का एक प्रारूप) चैंपियनशिप में शहर के फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अभिषेक बाजपेई को फिजियो के रूप में चुना गया है। सुपीरियर स्प्रिट्स एकेडमी के सचिव सर्वेश तिवारी ने बताया कि नवाबगंज निवासी डॉ. अभिषेक इससे पूर्व भी कई अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय प्रतियोगिता में फिजियो की भूमिका निभा चुके हैं।