उत्तराखंड के ओपनर करणवीर कौशल और विनीत सक्सेना ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 59 रन जोड़े। 15वें ओवर में विनीत 46 गेंदों में 27 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे वैभव भट्ट ने धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी करते हुए करणवीर का पूरा साथ दिया। करणवीर दुर्भाग्यशाली रहे और 45 रन बनाकर कैच आउट हो गए। इसके बाद वैभव भट्ट और वैभव पंवार ने संयम से बल्लेबाजी की। दोनों बल्लेबाजों ने 20 ओवर में 35 रन की साझेदारी की।
41वें ओवर में वैभव भट्ट 78 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गए। दो ओवर बाद ही नए बल्लेबाज सौरभ रावत भी पवेलियन लौट गए। सौरभ ने दो रन बनाए। नाइट वाचमैन के रूप में उतरे सनी राणा खाता नहीं खोल पाए और वह रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान रजत भाटिया और वैभव पंवार ने टीम को कोई झटका नहीं लगने दिया। उत्तराखंड ने 46 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 123 रन बनाए। मणिपुर के विश्वोरजीत ने 41 रन देकर तीन और किशन ने 31 रन देकर एक विकेट लिया।
अर्द्धशतक से चूके करणवीर
उत्तराखंड के ओपनर बल्लेबाज करणवीर कौशल अर्द्धशतक बनाने से चूक गए और 55 गेंदों में 45 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 21वां ओवर फेंकने आए किशन की पहली गेंद पर शानदार छक्का जमाया। अगली गेंद को प्वाइंट के ऊपर से मारने के प्रयास में वह कैच आउट हो गए। करणवीर ने बिहार के खिलाफ पहले रणजी मुकाबले में भी 91 रन की शानदार पारी खेली थी।