प्राइमरी स्कूलों की पांच दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता रविवार को जोगिंद्रनगर के एथलेटिक सेंटर में शुरू होगी। इसमें 12 साल तक की आयु के प्रदेश के 12 जिलों के लगभग 1400 खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता 10 अक्तूबर तक चलेगी। प्रतियोगिता को लेकर शिक्षा विभाग ने पुख्ता प्रबंध किए हैं।
इसका शुभारंभ बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी करेंगे। स्पर्धा में वॉलीबाल, कबड्डी, शतरंज, खो-खो, बैडमिंटन और एथलेटिक के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। महिला-पुरुष पुलिस के जवान खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे। एसडीएम अमित मेहरा ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए पहुंच रहे प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों के लिए यथासंभव सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए चेताया गया है।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विभिन्न कमेटियों में प्रदेश भर से दो सौ से अधिक शिक्षकों की ड्यूटियां लगाई हैं। निदेशक रोहित जमवाल ने सभी शिक्षकों से प्रतियोगिता में शामिल होने आए छात्र-छात्राओं का विशेष ध्यान देने की अपील की है। उधर, शिक्षा विभाग मंडी के उपनिदेशक अशोक शर्मा ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिता के लिए पुख्ता प्रबंध कर लिए गए हैं।