18वें राष्ट्रीय कोर्फबॉल फेडरेशन कप के शेड्यूल में हिमाचल प्रदेश कोर्फबॉल संघ ने फेरबदल कर दिया है। अब ऊना जिला के इंदिरा खेल स्टेडियम में होने वाला फेडरेशन कप 29 जनवरी से पहली फरवरी तक खेला जाएगा। पहले यह खेल प्रतियोगिता 1 जनवरी से शुरू होने थी। लेकिन जनवरी माह के पहले हफ्ते सेना की भर्ती है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार प्रजापति ने बताया कि ऊना जिला के इंदिरा खेल मैदान में सेना की भर्ती के चलते खेल प्रतियोगिता में परिवर्तन किया गया है। इस फेडरेशन कप में 29वीं सीनियर राष्ट्रीय कोर्फबॉल प्रतियोगिता में पहले आठ स्थान पर सर्वश्रेष्ठ रहीं टीमें भाग लेंगी।
इस प्रतियोगिता में हरियाणा प्रथम, हिमाचल प्रदेश द्वितीय, जम्मू कश्मीर तीसरे, छत्तीसगढ़ चौथे, राजस्थान पांचवें, महाराष्ट्र छठे, तेलंगाना सातवें व मध्य प्रदेश आठवें स्थान पर रहा था। हिमाचल की टीम ने सिल्वर मेडल जीता था। फेडरेशन कप में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय महिला व पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे।
प्रदेश महासचिव बंशी राम सुमन और प्रेस सचिव पवन रांगड़ा ने कहा कि फेडरेशन कप में हिमाचल प्रदेश की ए और बी दो टीमें खेलेंगी। दोनों टीमों का ट्रायल 16 दिसंबर को 11 बजे मंडी जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरकाघाट में होना था, इसे भी स्थगित कर दिया गया है। इसकी तिथि बाद में निर्धारित की जाएगी।