राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हिमाचल की उम्मीद को बरकरार रखते हुए आशीष चौधरी और अयान परिहार ने अपने-अपने भार वर्ग का मुकाबला जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। दोनों खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं की भी नजर है। सोमवार को प्रतियोगिता के चौथे दिन 40 मुकाबले खेले गए। इनमें आशीष चौधरी ने मध्य प्रदेश के रोहन को एकतरफा मुकाबले में हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
चौथे एलीट राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप की शुरुआत सोमवार को प्रभावशाली तरीके से हुई। हिमाचल के नवोदित मुक्केबाज अयान परिहार ने शानदार जीत के साथ रिंग में दबदबा बनाया। मेघालय के आर्थर के खिलाफ अयान ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। परिहार ने अपने प्रतिद्वंद्वी को पछाड़ते हुए शानदार शुरुआत की और बाउट जीत ली। मिडल वेट (75 किग्रा) वर्ग के मुकाबलों में एशियन गेम्स के रजत पदक विजेता आशीष चौधरी ने 5-0 स्कोर के साथ एकतरफा मुक़ाबले में मध्यप्रदेश के रोहन को हराया।
इसके अलावा एसएससीबी के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे विनोद तंवर ने दूसरे दौर से आगे बढ़ते हुए प्रदर्शन किया और नीरज स्वामी को 5-0 से पीछे छोड़ दिया। दमन और दीव के अमित कुमार ने भी वेल्टर वेट श्रेणी में जबरदस्त शुरुआत दी और अपने प्रतिद्वंद्वी अनिल कुमार (बिहार) को हरा दिया। रेलवे के सोनू ने चंडीगढ़ के विपिन कुमार से 5-0 से बेहतर जीत हासिल की।
एक अन्य मुकाबले में अखिल भारतीय पुलिस का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमोद कुमार ने जोखुआनवामा फानिया को हराया। नवीन बूर (एसएससीबी) ने दिनेश डागर (आएसपीबी) पर प्रभावशाली जीत दर्ज की। अन्य महत्वपूर्ण मुकाबले भी एकतरफा रहे। इनमें जोमोहताचो ( एआरयू) ने पंकज चौहान (चंडीगढ़) को 5-0, गगनदीप(उत्तर प्रदेश ने लखबीर सिंह (पंजाब) को 5-0, बंटी सिंह (दिल्ली) ने निशांत सिंह (बिहार) को 5-0 से हराया। हिमाचल के मनजीत को उत्तर प्रदेश के अंकित चौहान ने कड़े मुकाबले में हरा दिया। अब तक हिमाचल के आयान व आशीष चौधरी क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर पदक जीतने की उम्मीद को बरकरार रखा है।