शिलाई क्षेत्र के द्राबिल गांव की सुषमा शर्मा का चयन भारतीय कबड्डी टीम के लिए हुआ है। इससे शिलाई क्षेत्र में खुशी की लहर है। कबड्डी के लिए बिलासपुर छात्रावास की चार कबड्डी खिलाडि़यों का चयन हुआ है। इनमें सुषमा शर्मा, डिंपल, निधि शर्मा, निविधा मेहता शामिल हैं।
मलयेशिया में 21 जुलाई से 28 जुलाई तक होने वाले कबड्डी विश्व कप में खेल का प्रदर्शन करेंगी। सुषमा शर्मा ने इससे पहले खेलों इंडिया में हिमाचल कबड्डी का नेतृत्व कर हिमाचल के लिए गोल्ड मेडल जीता था। सुषमा शर्मा ने बताया कि भारतीय कबड्डी टीम में चयन होने से वह खुश हैं।
इटली के टोरिनो में होने वाली मास्टर गेम्स प्रतियोगिता के लिए भरतीय मास्टर गेम्स की टीम 25 जुलाई, 2019 को इटली रवाना होगी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सारी भेखली के डीपीई किशन लाल की एथलेटिक्स स्पर्धा में चयन हुआ है। भारत को मेडल दिलाने को प्रतिभागी खूब पसीना बहा रहे हैं।
इससे पहले भी इस प्रतिभागी ने राष्ट्रीय मास्टर गेम्स में अकेले चार मेडल जीत कर हिमाचल के नाम रोशन किया। 28 जुलाई से चार अगस्त तक इटली में होने वाली मास्टर गेम्स के लिए कुल्लू के किशन लाल 100 मीटर रेस, 100 मीटर हर्डल रेस, जेवलिन थ्रो और 4100 रिले रेस में हिस्सा लेंगे।
मास्टर गेम्स एसोसिएशन कुल्लू के अध्यक्ष किशन लाल का कहना है कि उन्होंने प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की है। इसका पूरा खर्च वह स्वयं उठा रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि सरकार इसके लिए जरूर सहयोग करेगी और कुछ खेल प्रेमी भी इसमें अपना योगदान दे रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें क्रिकेट का भी शौक है और फर्स्ट क्लास रणजी भी खेली है। वह करीब तीन महीने इस प्रतियोगिता के लिए तैयारियों में जुटे हैं।