लुधियाना के गुरु हरगोबिंद खालसा कालेज गुरुसर सुधार (लुधियाना) के बीपीएड प्रथम वर्ष के विद्यार्थी/खिलाड़ी संदीप चौधरी ने जकार्ता, इंडोनेशिया में हो रही पैरा एशियन गेम्स के जैवलीन थ्रो मेंस वर्ग के मुकाबले में 60.1 मीटर में सोने का पदक जीता। वहीं 38 साल पुराना रिकॉर्ड जो 1980 में चाइना के खिलाड़ी मिंगजी गाउ की ओर से 59.82 मीटर का थ्रो द्वारा स्थापित विश्व रिकार्ड को भी तोड़ा है जिससे संदीप चौधरी इस मुकाबले का विश्व स्तर का सर्वोत्तम खिलाड़ी बन गया।
मुकाबला जितने के उपरांत अपनी खुशी का इजहार करते हुए संदीप ने कहा कि उसकी यह प्राप्ति उसके कोच, परिवार, प्रबंधकीय कमेटी व फैकल्टी की बदौलत ही संभव हुई है। अब दुबई में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में भी इस जीत के परचम को बरकरार रखने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर डायरेक्टर लैफ्टिनेट जनरल (रिटायर्ड) इकबाल सिंह, प्रिंसिपल डा. स्वर्णजीत सिंह, रजिस्ट्रार डा. हरजिंदर सिंह ने भी संदीप चौधरी, विभाग मुख्य तेजिंदर सिंह व खेल विभाग को मुबारकबाद दी।