भोरंज के भरेड़ी में 19वीं सब जूनियर, जूनियर और 24वीं सीनियर दो दिवसीय राज्यस्तरीय कोर्फबाल प्रतियोगिता रविवार को शुरू हुई। इसका शुभारंभ समाजसेवी अरुण कुमार अरोड़ा ने किया। इसमें 9 जिलों और 12 स्पोर्ट्स क्लबों के करीब 250 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
पहले दिन सीनियर वर्ग में कुल्लू और हमीरपुर की टीमों ने जीत दर्ज की। सब जूनियर में स्पोर्ट्स क्लब चोलथरा ने सरौण को पराजित किया। स्पोर्ट्स क्लब सरकाघाट ने आरकेएस नवाही को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। हमीरपुर की टीम ने स्पोर्ट्स क्लब भरेड़ी को शिकस्त दी। इसी तरह जूनियर वर्ग में भी आरकेएस नवाही ने स्पोर्ट्स क्लब चोलथरा को पराजित किया।
सीनियर वर्ग में कुल्लू ने स्पोर्ट्स क्लब सरकाघाट को हराया। एक अन्य मुकाबले में हमीरपुर की टीम ने ऊना को पराजित कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। प्रदेश कोर्फबाल संघ के महासचिव बंशीराम सुमन ने कहा कि प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ी मार्च में होने वाली राष्ट्रीय कोर्फबाल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
कहा कि प्रतियोगिता में नौ जिलों हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, ऊना, सोलन, कांगड़ा, सिरमौर, चंबा, शिमला और 12 स्पोर्ट्स क्लबों के करीब 250 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस दौरान पवन रांगड़ा, प्रवीण शर्मा, बालकृष्ण, महेंद्र राठौर, राजकुमार, मुनीष राणा आदि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों नेे जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि भी दी।