सुंदरनगर और सिरड़ा सहित हमीरपुर में कबड्डी, एथलेटिक्स और बॉक्सिंग का प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। अब साई हॉस्टल बिलासपुर के तहत इन केंद्रों को खेलो इंडिया में लिया जा रहा है। बिलासपुर हॉस्टल को इन केंद्रों का मुख्यालय बनाया गया है।
अब साई हॉस्टल में खेलो इंडिया के खिलाड़ी भी तैयार होंगे। केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है। जल्द यहां केंद्र सरकार संबधित खेलों के कोच भेजेगी। सुंदरनगर के एमएलएसएम कॉलेज में बॉक्सिंग, सिरड़ा कॉलेज में कबड्डी और हमीरपुर में एथलेटिक्स का प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों को साई हॉस्टल बिलासपुर से जोड़ा गया है।
इन सेंटरों की रिपोर्ट साई हॉस्टल बिलासपुर को होगी। खेलों इंडिया के तहत अलग से ग्रांट भी जारी होना शुरू हो जाएगी। खिलाड़ियों को इसके तहत मिलने वाली सारी सुविधाएं दी जाएंगी।
गौरतलब है कि हिमाचल में इससे पहले खेलो इंडिया के तहत सिर्फ खेल छात्रावास धर्मशाला को लिया गया है। इसके अलावा पूरे प्रदेश में खेलो इंडिया का कोई भी केंद्र नहीं था। अब साई हॉस्टल बिलासपुर में भी खेलों इंडिया का केंद्र स्थापित होने से सूबे के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
साई हॉस्टल बिलासपुर को खेलो इंडिया का केंद्र बनाया गया है। इसमें सुंदरनगर, सिरड़ा सहित हमीरपुर के खिलाड़ियों को जोड़ा जाएगा। केंद्र सरकार से अधिसूचना जारी हो गई है।
- जयपाल चंदेल, प्रभारी, साई हॉस्टल बिलासपुर