मलयेशिया में चल रहे कबड्डी वर्ल्ड कप में भारत की महिला और पुरुष टीमें विश्व विजेता बन गई हैं। पुरुष टीम ने फाइनल में ईराक को 57-27 तथा महिला टीम ने फाइनल में ताईवान को 47-29 से हराकर विश्व विजेता का खिताब जीता।
नालागढ़ उपमंडल के राजपुरा के खिलाड़ी अभिनंदन ठाकुर भी पुरुष टीम का हिस्सा बने। बिलासपुर छात्रावास की चार खिलाड़ी निधि शर्मा, निविधा मेहता, सुषमा शर्मा और डिंपल महिला टीम में शामिल रहीं।
दोनों टीमों के कोच नालागढ़ के दभोटा निवासी प्रथम अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राकेश चंदेल व एनआईएस कोच संजीव ठाकुर थे। सुंदरनगर के विधायक एवं न्यू हिमाचल कबड्डी फेडरेशन के चीफ पैटर्न राकेश जम्वाल भी मलयेशिया पहुंचे थे।
दोनों टीमों की जीत पर देश में खुशी का माहौल है। एनआईएस कोच जयपाल चंदेल ने बताया कि बड़े गर्व की बात है कि भारतीय टीमों ने वर्ल्ड कप में अपनी प्रतिभा का डंका बजाया है। महिला टीम में चयनित हुईं चार खिलाड़ियों में से निधि शर्मा पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुकी हैं।
तीन अन्य खिलाड़ी निविधा मेहता, सुषमा शर्मा और डिंपल ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के खिलाड़ियों और कोच का 30 जुलाई को नालागढ़ के राजपुरा और दभोटा में भव्य स्वागत किया जाएगा।