मंदिरों के शहर जम्मू में पहली बार ऐतिहासिक सीनियर नेशनल चेस ओपन चैंपियनशिप का आयोजन 8 से 18 दिसंबर को गुज्जर देश चेरिटेबल ट्रस्ट, छन्नी बाई पास जम्मू में किया जा रहा है। इसमें 27 राज्यों और 8 निजी यूनिटों से 170 प्रतिभागियों के साथ 36 मैनेजर और 10 तकनीकी अधिकारी शिरकत करेंगे। इसके अलावा 40 ग्रैंड मास्टर्स, इंटरनेशनल मास्टर्स और अर्जुन अवार्डी शामिल होंगे। चैंपियनशिप का आयोजन आल इंडिया चेस फेडरेशन के बैनर तले आल जेएंडके चेस एसोसिएशन की मेजबानी किया जा रहा है।
यहां बुधवार को पत्रकारों से रूबरू होते हुए एसोसिएशन के प्रधान अतुल गुप्ता ने बताया कि चैंपियनशिप में जम्मू-कश्मीर से 8 खिलाड़ी शामिल होंगे। चैंपियनशिप में 2000 रेटिंग से ऊपर वाले खिलाड़ियों को खेलने का मौका दिया गया है। मिजोरम, अंडमान निकोबार जैसे क्षेत्रों से भी प्रतिभागी पहुंच रहे हैं। चैंपियनशिप में 11 दिन में 13 राउंड खेले जाएंगे। इसमें टाप दस खिलाड़ियों में बीस लाख रुपये के पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
इस चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को एशियन जोनल में प्रतिभा दिखाने का मौका दिया जाएगा। चैंपियनशिप के सभी मुकाबले फिडे नियमों के तहत कराए जाएंगे। गुप्ता ने कहा कि चैंपियनशिप का उद्देश्य राज्य के युवाओं में चेस के प्रति रुझान बढ़ाने के साथ नया प्लेटफार्म देना है। यह पहला मौका है जब यहां सीनियर नेशनल चेस चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान डा. एएस भाटिया, बलदेव राज, तरणवीर सिंह, कुलजीत जमबाल, राज कुमार, विकास नंदा आदि मौजूद रहे।