जम्मू में नेशनल स्कूल गेम्स क्रिकेट अंडर-19 (ब्वायज) चैंपियनशिप में शुक्रवार दूसरे दिन मेजबान जेएंडके का खाता खुला। जेएंडके ने डीएवी को सात विकेट से हरा कर अगले दौर में प्रवेश किया। इसके अलावा महाराष्ट्र, आईपीएससी, हरियाणा, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, सीबीएसई, आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़ व केरल ने प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त देकर अगले दौर में जगह बनाई।
केसी पब्लिक स्कूल पर खेले गए मुकाबले में डीएवी ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में चार विकेट पर 98 रन बनाए। राजन ने 39 रन का योगदान दिया। जेएंडके की ओर से यूनुस, कार्तिक और अशांक ने एक-एक बल्लेबाज को बाहर का रास्ता दिखाया। जवाब में जेएंडके के बल्लेबाजों ने 14 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सार्थक ने 28 रन की पारी खेली। डीएवी की ओर से सरव रतन ने दो बल्लेबाजों को आउट किया।
वहीं, परेड मैदान पर महाराष्ट्र ने दादर नगर को 65 रन, एसएस स्मेलपुर जम्मू के मैदान पर खेले गए मैच में आईपीएससी ने उड़ीसा को 2 रन, परेड मैदान पर मध्य प्रदेश ने आईबीएसओ को 138 रन, जम्मू विश्वविद्यालय के मैदान पर मध्य प्रदेश ने बिहार को चार विकेट, कटड़ा मैदान पर पंजाब ने छत्तीसगढ़ को 64 रन, जम्मू विवि मैदान पर तेलंगाना ने तमिलनाडु को 1 रन, केसी पब्लिक स्कूल में सीबीएसई ने आंध्र प्रदेश को 4 विकेट, जम्मू विवि मैदान पर आंध्र प्रदेश ने गुजरात को 5 विकेट, परेड मैदान पर चंडीगढ़ ने दमन देव को 8 विकेट, केरल ने केवीएस को छह विकेट और केसी पब्लिक स्कूल में हरियाणा ने सीआईएससीई को 2 रन से हरा कर अगले दौर में प्रवेश किया।