क्रिकेट के तीनों प्रारूप में जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के प्रदर्शन में सुधार देखने को मिल रहा है। 2018-19 क्रिकेट सत्र के मुकाबले टीम का वर्तमान में जारी 2019-20 के सत्र में प्रदर्शन काफी अच्छा और सकारात्मक रहा है। इस सत्र में क्रिकेट के तीनों प्रारूप में टीम के प्रदर्शन के साथ खिलाड़ियों के प्रदर्शन में भी सुधार हुआ है। टीम के मेंटर इरफान पठान और कोच मिलाप मेवाड़ के मार्गदर्शन में टीम के युवा खिलाड़ियों के साथ अनुभवी खिलाड़ियों के प्रदर्शन से टीम ने बड़ी टीमों के खिलाफ जीत हासिल की है।
2019-20 सत्र में टीम के विजय हजारे ट्रॉफी के प्रदर्शन में पिछले सत्र के मुकाबले कुछ सुधार हुआ। इसमें हुई विजय हजारे ट्रॉफी में टीम ने नौ मुकाबलों में चार जीत हासिल की, जो पिछले वर्ष जीते मैचों की संख्या से अधिक रहा। इस बार प्रतियोगिता में युवा और अनुभावी खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से टीम को कई मुश्किल मैचों में जीत दिलाई।