हिमाचल के क्रिकेटर प्रशांत चोपड़ा भारत की ए टीम से खेलेंगे। सितंबर में तिरुवन्तपुरम में भारत ए और दक्षिण अफ्रीका ए के बीच होने वाली पांच मैचों की एक दिवसीय सीरीज के लिए प्रशांत चोपड़ा का चयन दो मैचों के लिए हुआ है। प्रशांत चोपड़ा भारत ए से चौथा और पांचवां मैच खेलेंगे।
सीरीज का चौथा मैच चार और पांचवां मैच छह सितंबर को खेला जाएगा। बीसीसीआई ने भारत ए और दक्षिण अफ्रीका ए के एक दिवसीय मैचों की सीरीज के लिए टीम की घोषणा कर दी है।
इसमें चौथे और पांचवें मैच में एचपीसीए के प्रशांत चोपड़ा का नाम भी शामिल है। इससे पहले प्रशांत अंडर-19 भारतीय टीम, इंडिया-बी, नोर्थ जोन, रेस्ट ऑफ इंडिया, इंडिया ग्रीन और इंडिय रेड के लिए भी खेल चुके हैं।
प्रशांत चोपड़ा रणजी में तिहरा शतक भी लगा चुके हैं। राजस्थान रॉयल्स टीम से आईपीएल में खेलते हैं। प्रशांत 26 साल के हैं। इससे पहले वह 2012 में आईसीसी के अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का सदस्य रह चुके हैं। अक्तूबर 2017 में पंजाब के साथ खेले गए रणजी मैच में 271 रन पर नाबाद भी रहे। एक मैच में वह 338 रन बनाकर हिमाचल के पहले तिहरा शतक लगाने वाले खिलाड़ी भी बने।