जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में चल रही राष्ट्रीय स्कीइंग एंड स्नो बोर्डिंग चैंपियनशिप में हिमाचल की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सूबे की झोली में तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक आया है। इसके साथ ही चैंपियनशिप के पहले दिन हिमाचल टीम ने बढ़त बना ली है। इस चैंपियनशिप में सेना सहित हिमाचल प्रदेश विंटर गेम्स एसोसिएशन (एचपी डब्लूजीए) के आर्मी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड, दिल्ली स्की एसोसिएशन, जम्मू एंड कश्मीर टीम, उत्तरांचल टीम भाग ले रही हैं।
प्रदेश विंटर गेम्स एसोसिएशन के अध्यक्ष लुदर ठाकुर ने कहा कि पहले दिन अल्पाइन स्कीइंग प्रतियोगिता में अंडर-21 वर्ग में अभिषेक ठाकुर ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। इसी प्रतियोगिता के महिला वर्ग में विपाशा ठाकुर ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-18 में राहुल ठाकुर ने स्वर्ण जबकि प्रांशु ठाकुर ने कांस्य पदक हासिल किया है। महिला वर्ग में पलक ठाकुर ने रजत पदक प्राप्त किया। खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने बधाई दी है।