बिहार के पटना में आयोजित 66वीं सीनियर राष्ट्रीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता की खिताबी दौड़ से हिमाचल की बेटियां बाहर हो गईं। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में हिमाचल की महिला कबड्डी टीम एक अंक से हार गई। हरियाणा की टीम ने हिमाचल को 26-25 अंक से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
सीनियर नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता में हिमाचल की बेटियों को तीसरे स्थान ही हासिल हो पाया। इससे पहले हिमाचल की टीम ने लीग मुकाबले में मेजबान बिहार, उत्तराखंड और क्वार्टर फाइनल में पंजाब को पराजित किया था। सेमीफाइनल में कप्तान प्रियंका नेगी और कविता ठाकुर सहित सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंतिम समय में मैच एक अंक से हार गई।
उधर, हिमाचल कबड्डी संघ के महासचिव रत्न लाल ठाकुर ने कहा कि नेशनल प्रतियोगिता में प्रदेश की महिला कबड्डी टीम ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन खिताबी जंग से चूक गई।