पांचवीं राष्ट्रीय कलरीपायट्टु (मार्शल आर्ट) प्रतियोगिता में हिमाचल के तीन युवाओं ने पदक जीते हैं। कर्नाटक के मैसूर में 29 से 30 दिसंबर तक चली प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम ने पहली बार हिस्सा लिया। टीम में अभिषेक ठाकुर, करण ठाकुर, किरण कुमार, दैवज्ञ अवस्थी, रोशन आजाद और पुरषोत्तम सिंह शामिल रहे।
उनके साथ प्रदेश कलरीपायट्टु महासंघ के अध्यक्ष जोगिंद्र आजाद और महासचिव जावेद उल्फत भी मौजूद रहे। राष्ट्रीय स्पर्धा में युवाओं ने बेहतर तकनीक और फाइट का शानदार प्रदर्शन कर पदक हासिल करने में सफलता हासिल की।
महासंघ के महासचिव जावेद उल्फत ने बताया कि पांचवीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता कलरीपायट्टु फेडरेशन ऑफ इंडिया ने करवाई। राष्ट्रीय स्पर्धा वरिष्ठ और कनिष्ठ वर्ग में आयु तथा भार वर्ग के आधार पर खेली गई। इसमें देश भर के खिलाड़ियों ने शिरकत की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश टीम में शामिल तीन युवाओं ने पदक जीते हैं।
जूनियर वर्ग में आयोजित 54 किलोग्राम से कम भार वर्ग में किरण कुमार ने रजत पदक जीता। जूनियर वर्ग में 58 किलोग्राम से कम भार वर्ग में करण ठाकुर तथा वरिष्ठ वर्ग में 86 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में दैवज्ञ अवस्थी ने कांस्य पदक हासिल किया है।
जावेद ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम ने पहली बार हिस्सा लिया था। ऐसे में तीन युवाओं की ओर से पदक हासिल करना एक बेहतरीन प्रदर्शन है।