विश्वविद्यालय की महिला हैंडबाल टीम
- फोटो : अमर उजाला
तमिलनाडु की पेरियार यूनिवर्सिटी सेलम में अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय महिला हैंडबाल प्रतियोगिता में प्रदेश विश्वविद्यालय की महिला टीम ने लगातार दूसरी साल रजत पदक पर कब्जा किया। प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबले में कड़े संघर्ष में हिमाचल की टीम को दो अंकों से हार का सामना करना पड़ा। टीम के प्रबंधक प्रो. प्रवेश शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय की टीम ने प्रतियोगिता में मैसूर यूनिवर्सिटी को 22-12, बनारस यूनिवर्सिटी को 8-0, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर को 38-26 से और सेमीफाइनल में कालीकट यूनिवर्सिटी केरल को 19-12 से पराजित कर फाइनल में स्थान बनाया।
राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर, घुमारवीं, गौतम गर्ल्स कॉलेज हमीरपुर, राजकीय महाविद्यालय बलद्वाड़ा और एमएलएसएम सुंदरनगर की खिलाड़ी टीम में शामिल रहीं। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निधि शर्मा, शालिनी ठाकुर, हर्षा ठाकुर, दीक्षा ठाकुर, मिताली, ज्योति, शिवानी और बिपनप्रीत की बदौलत टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया। विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा और युवा कार्यक्रम निदेशक डॉ. एसके शर्मा ने टीम की जीत पर टीम की खिलाड़ियों को बधाई दी। विश्वविद्यालय वार्षिक खेल सम्मान समारोह में खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार से सम्मानित करेगा।