मध्य प्रदेश के ग्वालियर में राष्ट्रीय स्तर की दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता में हिमाचल की टीम चैंपियन बनी है। हिमाचल टीम का नेतृत्व कुल्लू के निहाल चंद ने किया। फाइनल मुकाबला हिमाचल प्रदेश का उत्तर प्रदेश की टीम के साथ हुआ। हिमाचल दिव्यांग क्रिकेट संघ के अध्यक्ष एवं मुख्य चयनकर्ता कुलदीप ठाकुर और क्रिकेट टीम के मैनेजर करुण वर्मा की अगुवाई में टीम ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
इसमें देश की छह राज्यों की टीमों ने भाग लिया। हिमाचल का पहला मुकाबला मेजबान मध्य प्रदेश के साथ खेला। हिमाचल प्रदेश ने मध्य प्रदेश को 40 रन से मात दी। दूसरा मैच पंजाब के साथ हुआ। हिमाचल ने पंजाब को 24 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश में किया। इस मैच में भी हिमाचल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर 20 ओवर 141 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की टीम 117 रन ही बना सकी। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 21 अक्तूबर को ग्वालियर स्थित आईटीएम स्टेडियम में खेला गया।
टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 15 ओवर में छह विकेट खोकर 113 रन बनाए गए। उत्तर प्रदेश की पूरी टीम 92 रन पर ऑल आउट हो गई। फाइनल में हिमाचल के नरेश कुमार ने 26 गेंदों में 45 रन बनाए। गेंदबाजी में रमेश कैथ ने 17 रन देकर 6 विकेट और हेम राजपूत ने 3 विकेट झटके। हिमाचल के आलराउंडर खिलाड़ी रमेश कैथ को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया।