हिमाचल प्रीमियर क्रिकेट लीग के अंतिम दौर के मुकाबले शनिवार से ठोडो मैदान सोलन में शुरू हुए। हमीरपुर ने कांगड़ा और कुल्लू को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस चरण में कांगड़ा, कुल्लू, हमीरपुर और मंडी की टीमों के बीच मैच खेले जाने हैं।
इनमें दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। शनिवार को दो मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला कांगड़ा और हमीरपुर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हमीरपुर की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 149 रन बनाए।
सनी ने 50 रन का योगदान दिया। कांगड़ा से कपिल शर्मा ने 3 विकेट लिए। जवाब में कांगड़ा की टीम 147 रन ही बना सकी और दो रन से मैच हार गई। दिन का दूसरा मुकाबला कुल्लू और हमीरपुर के बीच खेला गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए कुल्लू की टीम ने 112 रन बनाए। जवाब में हमीरपुर की टीम ने आसानी से लक्ष्य प्राप्त कर लिया। इस मौके पर आयोजक समिति के नरेश कुमार व धर्म सिंह ने बताया कि प्रमोटर्स ऑफ सोशल एंड कल्चरल हेरिटेज ऑफ हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित की जा रही एचपीएल प्रतियोगिता प्रदेश में किसी निजी संस्था द्वारा करवाई जाने वाली सबसे बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिता के तौर पर सामने आई है।
प्रतियोगिता की विजेता टीम को दो लाख का पुरस्कार दिया जाएगा। उप विजेता टीम को एक लाख का ईनाम मिलेगा। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली अन्य दो टीमों को 50-50 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा।