ढालपुर मैदान में चल रही हिमालयन ऑटो क्रॉस रैली के दूसरे दिन रफ्तार के रोमांच में युवतियों ने भी जौहर दिखाए। ऑटोक्रास रैली में युवतियों ने ढालपुर में करीब दो किलोमीटर ट्रैक पर वाहन दौड़ाए।
कुल्लू की एसपी शालिनी अग्निहोत्री बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहीं। उन्होंने रेस का आनंद भी लिया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से करीब 100 युवक और युवतियां भाग ले रहे हैं। तीन दिन तक चलने वाली हिमालयन ऑटोक्रॉस रैली में प्रतिभागी खिलाड़ी कार और जिप्सी दौड़ाकर प्रतिभा दिखा रहे हैं।
बड़ी संख्या में बाइकर भी भाग ले रहे हैं। रैली के माध्यम से युवाओं को सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया गया। बेटी-बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशा तथा सड़क सुरक्षा थीम पर आयोजित रैली के अंतिम दिन रविवार को भी विभिन्न वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी।
द हिमालयन ऑटोक्रॉस एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश राणा ने बताया कि पिछली प्रतियोगिता में पांच महिला ड्राइवर भी आई थीं, लेकिन इस बार यह संख्या अधिक होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि शनिवार को ढालपुर में चार महिला प्रतिभागी ने भाग लिया। ढालपुर के दशहरा मैदान में हो रही हिमालयन ऑटोक्रॉस रैली को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है।