हिमाचल के चंबा जिले के चुराह घाटी के छजोट गांव के डेगराम पुत्र चुहडू राम का चयन एशियन क्रिकेट प्रीमियर लीग के लिए हुआ है। डेगराम को थाइलैंड रॉयल टीम ने एक लाख 70 हजार रुपये में खरीदा है। लीग में छह देेशों की टीमें भाग ले रही हैं। लीग में भाग लेने वाले देशों में थाइलैंड, भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल और दुबई के नाम शामिल हैं।
थाइलैंड टीम के कप्तान इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी ओवेस शाह हैं। प्रीमियर लीग तीन से लेकर 13 दिसंबर तक चलेगी। इसका आयोजन बैंकॉक में होगा। डेगराम ने बताया कि एशियन प्रीमियर में खेलना उनके लिए बेहद खुशी का पल है। इसका वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
इससे पहले वे साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी हर्शल गिब्स और श्रीलंका टीम के पूर्व कप्तान टीएम दिलशान के साथ भी खेल चुके हैं। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय कोच हरीश भट्टी को दिया है।
कहा कि उन्हें बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक था। उन्होंने कहा कि उन्हें मौका मिला तो एक न एक दिन वे भारत की टीम में अपनी जगह जरूर बनाएंगे। डेगराम की उपलब्धि से चुराह के साथ चंबा जिले का नाम रोशन हुआ है। पिछड़े इलाके का खिलाड़ी आज विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहा है।