जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में हो रही प्रीमियर लीग के सीजन-3 में मैच खेलने आए दिल्ली के क्रिकेटर नितेश लोचन ने कहा कि जम्मू कश्मीर में क्रिकेट खेलने का अनुकूल माहौल है। यहां किसी बात की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर को प्रदेश बनाए जाने के बाद यहां के बारे में जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं वह सरासर गलत हैं।
नितेश यहां के कई इलाकों में घूमने के लिए भी निकले। इस दौरान उन्होंने कहा कि यहां के युवाओं में क्रिकेट को लेकर काफी उत्साह व टैलेंट है। यहां के युवाओं को अगर मौके मिलें तो वह अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।
नितेश ने कहा कि वह पिछले आठ वर्षों से जम्मू में विभिन्न क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलने आ रहे हैं। जिस प्रकार का माहौल उन्हें यहां पर मिला है वह उन्हें दिल्ली में भी नहीं मिला। बता दें कि मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले नितेश लोचन ने रणजी ट्रॉफी मैच खेलने के लिए नागालैंड की टीम में जगह बनाई है। रियासी में जारी प्रतियोगिता में वह प्रेजिडेंट इलेवन सुंदरबनी की तरफ से मैच खेलने पहुंचे हैं।