काशीपुर स्थित हाइलैंडर क्रिकेट एकेडमी में चल रहे कूच बिहार ट्रॉफी अंडर-19 के मुकाबले में उत्तराखंड के अवनीश सुधा ने 339 रनों की पारी खेलकर नया इतिहास रचा है।
कूच बिहार ट्रॉफी में तिहरा शतक जड़ने वाले अवनीश उत्तराखंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। बिहार के खिलाफ चल रहे मुकाबले में उत्तराखंड ने पहली पारी में 515 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी बिहार की टीम ने 23 रन पर एक विकेट खो दिया है। इससे पहले सोमवार को कूच बिहार ट्रॉफी में अपने दूसरे मैच में उत्तराखंड की शुरुआत बेहद खराब रही। चार रन पर दो विकेट गंवाने के बाद टीम ने शानदार वापसी की और पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 326 रन बना लिए थे। बिहार की टीम ने टॉस जीतकर उत्तराखंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। निर्णय को सही साबित करते हुए बिहार के गेंदबाज रणधीर कुमार दुबे ने मैच की पहली गेंद में उत्तराखंड के ओपनर आर्य सेठी को शून्य के स्कोर पर पवेलियन चलता किया। मैच के दूसरे ओवर में गेंदबाज विपिन ने श्याम को भी शून्य पर आउट कर दिया। चार रनों पर दो विकेट खोने से उत्तराखंड टीम पर दबाव आ गया।
तीसरे नंबर पर आए गौरव जोशी (47) ने अवनीश सुधा के साथ मिलकर टीम को दबाव से उबारा और तीसरे विकेट के लिए 159 रनों की साझेदारी की। गौरव के आउट होने के बाद क्रीज पर आए तनुष गुसाईं ने अवनीश सुधा का साथ देते हुए 49 रनों की पारी खेली। वह एक रन से अर्द्धशतक बनाने से चूक गए। दिन का खेल खत्म होने तक उत्तराखंड ने चार विकेट के नुकसान पर 326 रन बना लिए हैं। अवनीश सुधा नाबाद 195 और अखिल सिंह रावत नाबाद 19 रन पर वापस लौटे। बिहार की टीम से रणधीर कुमार, मलय राज, अमोध यादव और सूरज कश्यप ने एक-एक विकेट लिए। इससे पूर्व सुबह खेल का शुभारंभ मुख्य अतिथि लिटिल स्कॉलर्स स्कूल के एमडी ऋतु भल्ला और मेजर एसएन भल्ला ने किया। मैच रेफरी श्रीकांत जाधव जबकि अंपायर यशोधन गंगवनकर, एम मधु, ऑनलाइन स्कोरर एसपी सिंह, ऑफलाइन स्कोरर वैभव भट्ट रहे। वहां हाईलेंडर एकेडमी के स्वामी संजय ठाकुर, लियाकत अली, राजेंद्र सक्सेना, भरत पंत, मनोज मिश्रा आदि थे।
यह है उत्तराखंड की टीम
आर्य सेठी, संयम अरोरा, अवनीश सुधा, गौरव जोशी, अखिल रावत (कप्तान), एस जुयाल, हरमन, जगमोहन नागरकोटी, देवेश, जन्मजय, तनुष गुसाईं, टीम मैनेजर भूवन हरबोला, कोच पी कृष्ण कुमार।
ये है बिहार की टीम
पीयूष कुमार, विपिन कुमार, हर्ष राज, आकाश राज, बलजीत सिंह, प्रकाश बाबू, सूरज कश्यप, अपूर्व आनंद, अमोध यादव, रणधीर कुमार दुबे, मलय राज, मुन्ना कुमार, टीम मैनेजर संजय कुमार, कोच अशोक कुमार।