कर्नल सी के नायडू ट्रॉफी में उत्तराखंड ने बड़ी जीत हासिल की है। टीम ने मेघालय को 414 रनों के अंतर से हराया। चौथे दिन उत्तराखंड को जीत के लिए तीन विकेट लेने थे, जो उन्होंने पहले सत्र में केवल 10 रन देकर चटका दिए और जीत हासिल की। चौथी पारी में टीम के लिए अग्रिम तिवारी ने महत्वपूर्ण पांच विकेट लेकर मेघालय को चलता किया।
रविवार को रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में चौथे दिन का खेल शुरू हुआ। मेघालय ने 85 रन से आगे खेलना शुरू किया। शनिवार को अविजित बल्लेबाज अरबिन सिंह औैर आकाश कुमार ने पारी की शुरूआत की। निचले क्रम के बल्लेबाज पहले सत्र में 10 रन जोड़ सके। अंतिम विकेट आकाश कुमार के रूप में गिरा। आकाश को प्रमोद ने बोल्ड किया।
इससे पहले तीसरे दिन उत्तराखंड के बल्लेबाजों ने जमकर रन बरसाए। मध्य क्रम के बल्लेबाज सौरव चौहान और विजय शर्मा के 116-116 रनों की शानदार शतकीय पारी की बदौलत टीम ने 429 रन बनाकर पारी घोषित की थी। पहली पारी में उत्तराखंड ने 80 रनों की लीड बनाई थी।
और मेघालय को जीत के लिए 510 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में खेलने उतरी मेघालय के बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाए। मेघालय की पूरी टीम केवल 95 रन बनाकर पवेलियन लौट गई और उत्तराखंड ने मैच 414 रनों से जीत लिया। टीम का अगला मुकाबला मिजोरम के साथ 30 नवंबर से खेला जाएगा।