आगरा के केएल शास्त्री इंटर कॉलेज के छात्र ध्रुव जुरैल ने यूपी अंडर-19 क्रिकेट टीम में स्थान पक्का किया है। ध्रुव आतिशी बल्लेबाज के रूप में जाने जाते हैं। कानपुर में यूपी की अंडर-19 टीम का कैंप कर रहे विकेट कीपर और बल्लेबाज ध्रुव ने कैंप के कई मैचों में शानदार प्रदर्शन कर टीम में अपना स्थान पक्का किया है।
वह सन 2014 से सन 2018 तक यूपी की विभिन्न वर्गों की टीमों में अपना स्थान बना चुके हैं। सन् 2014 में पूरे देश की स्कूली टीमों के मध्य खेले गए मैचों में ध्रुव ने छह मैचों में 600 से अधिक रन बनाकर अपने कॅरियर की शुरुआत की थी। इस सिरीज में उन्होंने चार शतक और दो अर्ध शतक लगाए थे।
पिछले साल ही ध्रुव ने हिंदुस्तान कॉलेज में आयोजित हुई दिल्ली, आगरा और मध्य प्रदेश के बीच हुई टी-20 त्रिकोणीय सिरीज के एक मैच में 21 गेंदों में 100 रन बनाए थे। वह वर्ष 2015-16 में यूपी की ओर से अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी खेल चुके हैं।
सन 2014-15 में यूपी की अंडर-14 टीम के सदस्य रहे। इस सिरीज के फाइनल मैच में उन्होंने मध्य प्रदेश के खिलाफ शतक लगाते हुए 137 रनों की शानदार पारी खेली थी। तीन मैचों में उनके नाम विकेटकीपर के रूप में दस कैच और स्टंप भी रहे थे। ध्रुव सन 2014 में अंडर-17 स्कूल नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप टी-20 में बेस्ट बैट्समैन का अवार्ड जीत चुके हैं।