बिग बाउट बॉक्सिंग लीग में बॉक्सर आशीष चौधरी ने अपने पहले ही मुकाबले में ओडिशा वॉरियर्स के नील कमल को 5-0 से एकतरफा मैच में हरा दिया। बुधवार देर शाम को ग्रेटर नोएडा में गौतम बुद्धा यूनिवर्सिटी में बिग बाउट बॉक्सिंग लीग के तहत गुजरात जायंट्स बनाम ओडिशा वॉरियर्स के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें गुजरात जायंट्स से हिमाचल के सुंदरनगर निवासी आशीष चौधरी ने ओडिशा वॉरियर्स के नील कमल को हराया।
आशीष ने मुकाबले में शुरू से लेकर अंतिम समय तक पकड़ बनाए रखी और आसानी से मुकाबला अपने नाम किया। आशीष की जीत से क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। आशीष के मित्र मनीष ठाकुर और मनदीप नामधारी से जब बात की तो उन्होंने कहा कि आशीष का खेल के प्रति जुनून बहुत ही सराहनीय है। वे उन्हें ओलंपिक मेडल के साथ देखना चाहते हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग और प्रो-कबड्डी लीग की तर्ज पर बिग बाउट बॉक्सिंग लीग भारत में पहली बार करवाई जा रही है। इसमें देश की 6 टीमें भाग ले रही हैं। लीग में भारतीय खिलाड़ियों के अलावा विदेशी बॉक्सर भी दमखम दिखा रहे हैं। इस लीग में 6 बार की विश्व चैंपियन एमसी मैरीकॉम एनसीआर पंजाब रॉयल्स टीम से खेल रही हैं। हिमाचल के एकमात्र खिलाड़ी आशीष चौधरी गुजरात जायंट्स की तरफ से दमखम दिखा रहे हैं।