इलाहाबाद स्पोर्टिंग फुटबॉल अकादमी ने रोमांचक मैच में विप्लव स्पोर्टिंग क्लब को टाईब्रेकर में 4-3 से हराकर सद्भावना फुटबॉल कप प्रतियोगिता जीत ली है।
परेड मैदान दारागंज पर मंगलवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में विप्लव के संजीव सिंह 25वें मिनट में पेनाल्टी से गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई। एक समय ऐसा लगने लगा था कि विप्लव की टीम यह मैच जीत जाएगी तभी मैच से खत्म होने से आधा मिनट पहले अकादमी के संजय ने अंबर जायसवाल के क्रास पर गोल करके खेल को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
मैच के निर्णय के लिए टाईब्रेकर हुआ जिसमें अकादमी के हिमांशु गुप्ता, अंकित गुप्ता, अंबर जायसवाल और सुरेंद्र कुमार ने गोल किया जबकि विप्लव के लिए मनीष खत्री, शुभम और संजीव ने गोल मारा। मुख्य अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राकेश पांडेय (बबुआ) एवं अनिल पांडेय तथा विशिष्ट अतिथि विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी ने पुरस्कार वितरित किए।
संजीव को मैन ऑफ द फाइनल, छावनी के लखन यादव को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और प्रमोद त्रिपाठी को बेस्ट गोलकीपर चुना गया। धन्यवाद ज्ञापन विप्लव स्पोर्टिंग के सचिव अवधेश पाठक ने किया। मैच में रामआसरे मुख्य निर्णायक रहे। इस मौके पर चंद्रनाथ चकहा (मधु), अनामिका चौधरी, राजेश निषाद, उत्पल दास, बिप्लब घोष, मकबूल अहमद, शादाब रजा, अजय कुशवाहा, अलगू कनौजिया, शिवम दुबे, जलालुद्दीन आदि मौजूद रहे।