बर्फ के फाहों के बीच शनिवार को सोलंगनाला स्की ढलान में दो दिवसीय स्कीइंग और स्नो बोर्ड प्रतियोगिता शुरू हुई। प्रतियोगिता में प्रदेश के लगभग 250 से अधिक अलग-अलग वर्गों में प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने किया। प्रतियोगिता में पहले दिन पुरुष, महिला वर्ग, जूनियर वर्ग के ज्वाइंट सलालम प्रतियोगिता करवाई गई।
ज्वाइंट सलालम के पुरुष वर्ग में एचआईएएस ने हीरा लाल ने स्वर्ण पदक जीता। वाईएमडब्ल्यूएससी के संतोष कुमार और एसएससी के रजत ठाकुर ने रजत पदक, हिमांशु ठाकुर ने कांस्य पदक जीता। अनिल चंद ठाकुर चौथे स्थान पर रहे। महिला वर्ग के ज्वाइंट सलालम प्रतियोगिता में एचआईएएस की आंचल ठाकुर ने स्वर्ण पदक, वाईएमडब्ल्यूएससी की संध्या ने रजत, एचआईएएस की वर्षा ने कांस्य पदक जीता।
चौथा स्थान तनुजा ने हासिल किया। जूनियर वर्ग के ज्वाइंट सलालम के पुरुष वर्ग में डब्ल्यूएससी के निखिल ने स्वर्ण, एनवाईसीएस के अभिषेक ने रजत, विनय व्यास कांस्य, योगेश चौथे स्थान पर रहे। महिला जूनियर वर्ग में महिला विपाशा ने स्वर्ण, अंकिता ने रजत पदक जीता। धनेश्वरी ठाकुर ने विंटर गेम्स एसोसिएशन के कार्यों की सराहना की।
कहा कि आज के दौर में युवा स्कीइंग में भी कॅरिअर बना सकते हैं। साहसिक खेल स्की में तीन प्रतिशत नौकरी में आरक्षण का प्रावधान सरकार ने किया है। सोलंगनाला में ढलानों को बढ़ाने की मांग सरकार से की जाएगी। विंटर गेम्स के अध्यक्ष लुदर ठाकुर ने स्की ढलान को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाने की मांग की। नगर परिषद अध्यक्ष नीना ठाकुर, बीडीसी नगर ब्लॉक अध्यक्षा अनिता ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष नीना ठाकुर और चमन कपूर मौजूद रहे।