फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लियोनल मेसी के पिता का निधन: मुश्किल वक्त में अर्जेंटीना के फुटबॉलर को मिला रोनाल्डो का साथ; क्या बोले CR7?

Wed, 12 Aug 2026 08:30 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पिता जॉर्ज मेसी के निधन के बाद लियोनल मेसी ने पहली बार भावुक प्रतिक्रिया दी और विश्व कप से जुड़ी कई यादें साझा कीं। मेसी ने कहा कि पिता उनके सबसे बड़े सहारे और प्रेरणा थे, उनके बिना फुटबॉल जारी रखने को लेकर भी उनके मन में कई सवाल हैं। मेसी को अब रोनाल्डो का साथ मिला है। 
विज्ञापन
मेसी और उनके पिता - फोटो : Lionel Messi (Instagram)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी के पिता जॉर्ज मेसी के निधन के बाद उनके सोशल मीडिया पोस्ट पर पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने भावुक प्रतिक्रिया दी है। मेसी ने बुधवार को अपने पिता को याद करते हुए पहली बार सार्वजनिक तौर पर अपनी भावनाएं साझा की थीं। इसके बाद रोनाल्डो ने उनके पोस्ट पर कमेंट करते हुए मुश्किल वक्त में मेसी और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई।
विज्ञापन


रोनाल्डो ने दिया मेसी को हौसला
मेसी की पोस्ट पर कमेंट करते हुए रोनाल्डो ने लिखा, 'इस मुश्किल समय में आपको और आपके परिवार को एक बड़ा हग, लियो।' रोनाल्डो और मेसी लंबे समय से फुटबॉल की दुनिया के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वियों में गिने जाते रहे हैं, लेकिन इस दुख की घड़ी में रोनाल्डो ने अर्जेंटीना के कप्तान के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया।

विज्ञापन

(फोटो क्रेडिट: मेसी इंस्टाग्राम)

पिता के निधन पर मेसी की पहली प्रतिक्रिया
अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी ने अपने पिता जॉर्ज मेसी के निधन के बाद बुधवार को पहली बार सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी। जॉर्ज मेसी का पिछले सप्ताह 68 वर्ष की उम्र में अर्जेंटीना के रोसारियो स्थित एक मेडिकल क्लिनिक में निधन हो गया था। वह लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे और पिछले कुछ महीनों में उनकी तबीयत काफी खराब हो गई थी। पिता के निधन के बाद से मेसी ने सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा था। हालांकि, बुधवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपने पिता के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा। मेसी ने बताया कि उनके पिता चाहते थे कि वह अमेरिका में होने वाले फीफा विश्व कप में आखिरी बार खेलें।

विश्व कप से पहले बिगड़ गई थी पिता की तबीयत
मेसी ने बताया कि विश्व कप शुरू होने से कुछ दिन पहले उनके पिता की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई थी। यह पहला मौका था जब जॉर्ज किसी टूर्नामेंट में मेसी के साथ मौजूद नहीं रह सके। मेसी ने लिखा कि हर मैच के बाद उन्हें अपने पिता के संदेश का इंतजार रहता था। टूर्नामेंट में अर्जेंटीना के आगे बढ़ने के साथ वह इस उम्मीद में खेलते रहे कि उनके पिता कम से कम एक मैच देख सकें।

फाइनल के बाद भी पिता से नहीं हो सकी बात
मेसी ने कहा कि अर्जेंटीना के फाइनल में पहुंचने के बावजूद उनके पिता उस मुकाबले को नहीं देख सके। मेसी के मुताबिक, जब वह अपने पिता से मिले तो जॉर्ज को लगा कि अर्जेंटीना पेनल्टी शूटआउट में फाइनल हार गया है। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता से टूर्नामेंट में हुई किसी भी घटना के बारे में बात नहीं कर सके। मेसी ने इस बात पर गहरा दुख जताया कि उनके पिता अपनी जिंदगी के आखिरी दिनों में उनकी विश्व कप जीत का आनंद नहीं ले सके।

'अब नहीं जानता कि क्या करने वाला हूं'
मेसी ने अपने पिता को अपना सबसे बड़ा सहारा और प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें समझ नहीं आ रहा कि पिता के बिना वह आगे कैसे बढ़ेंगे। उन्होंने लिखा, 'मैं नहीं जानता कि तुम्हारे बिना क्या करने वाला हूं। मुझे नहीं पता कि आगे कैसे बढ़ूंगा। मैं सिर्फ फुटबॉल खेल रहा था, लेकिन अब मुझे इस बात को लेकर कई सवाल हैं कि मैं इसे लंबे समय तक जारी रख पाऊंगा या नहीं।' मेसी ने कहा कि उनके पिता शुरुआत से उनके साथ रहे और उनके करियर के अंत तक उनके साथ रहने से बस थोड़ा सा समय कम रह गया।


विज्ञापन

'मेरे बच्चों की परवरिश भी आपकी तरह करूंगा'
मेसी ने अपने पिता को सिर्फ पिता ही नहीं, बल्कि अपना दोस्त और प्रतिनिधि भी बताया। उन्होंने कहा कि जॉर्ज ने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया और उनके फैसलों पर उनका भरोसा हमेशा कायम रहा। मेसी ने कहा कि वह अपने बच्चों को भी वही संस्कार और मूल्य देने की कोशिश करेंगे, जो उन्हें उनके पिता से मिले हैं। भावुक संदेश के अंत में मेसी ने अपने पिता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह उन्हें बहुत याद करेंगे, लेकिन वह हमेशा उनके साथ मौजूद रहेंगे। उन्होंने लिखा कि उनके पिता ऊपर से भी उसी तरह उनके परिवार का ख्याल रखें, जैसे उन्होंने पूरी जिंदगी रखा। उन्होंने अंत में लिखा, 'हर चीज के लिए धन्यवाद। मैं आपसे प्यार करता हूं, पापा।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें