कतर में रविवार (20 नवंबर) से शुरू होने वाला विश्व कप मेसी का पांचवां फीफा विश्व कप होगा। यह उनका आखिरी विश्व कप भी हो सकता है। ऐसे में मेसी अपनी टीम को विश्व विजेता बनाना चाहेंगे। उन्होंने पिछले साल कोपा अमेरिका ट्रॉफी जीती थी। इस साल उन्होंने यूरो कप की चैंपियन टीम इटली को हराकर फिनालिसिमा खिताब जीता था। यह मैच यूरो कप और कोपा अमेरिका चैंपियन के बीच खेला गया था।
मेसी को अकेला अभ्यास करते देख दुनिया भर के उनके फैंस चिंतित हैं। उन्हें लग रहा है कि कहीं मेसी सउदी अरब के खिलाफ मैच से दूर तो नहीं रहेंगे। इस विश्व कप में चोट के कारण कई दिग्गज खिलाड़ी खेलते हुए दिखाई नहीं देंगे। इनमें फ्रांस के करीम बेंजेमा, पॉल पोग्बा, एनगोलो कान्ते, सेनेगल के सादियो माने प्रमुख हैं। फैंस अब इस लिस्ट में मेसी का नाम नहीं देखना चाहते।
अर्जेंटीना की मीडिया ने मेसी को लेकर अपडेट दिया है। उसके मुताबिक, 35 वर्षीय कप्तान पूरी तरह फिट हैं और मांसपेशियों की थकान के कारण अलग से अभ्यास कर रहे हैं। मेसी की टीम अर्जेंटीना इस विश्व कप में प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। वह पिछले 36 मैचों में नहीं हारी है। ग्रुप-सी में अर्जेंटीना के साथ सउदी अरब, मैक्सिको और पोलैंड की टीम है।