हरियाणा के पंचकूला में ताऊ देवी लाल खेल परिसर में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की पदक तालिका के शुरुआती रूझानों से लगता है कि हरियाणा और महाराष्ट्र के बीच पहले और दूसरे स्थान के लिए होड़ लग गई है। एक के बाद एक दोनों राज्यों के खिलाड़ी पदक तालिका में अपने राज्यों का स्थान ऊपर ले जा रहे हैं।
चौथे दिन कबड्डी मैच में हरियाणा की लड़कियों ने सबसे पहले फाइनल में जगह बनाई। पहले सेमीफाइनल में हरियाणा ने आंध्र प्रदेश को एक तरफा मुकाबले में 50-15 से हराया। हरियाणा की छोरियों ने कमाल का प्रदर्शन किया। वहीं, दर्शकों ने भी हौसला अफजाई में कोई कमी नहीं छोड़ी। दूसरा सेमीफाइनल महाराष्ट्र और तमिलनाडु के बीच होगा वहीं, लड़कों के कबड्डी मैच में उत्तर प्रदेश ने महाराष्ट्र को 41 के मुकाबले 37 अंकों से हराया।
वॉलीबॉल के सेमीफाइनल मुकाबले शुरू
वॉलीबॉल में मेन्स इवेंट में पहला सेमीफाइनल मुकाबला आज राजस्थान और हरियाणा और दूसरा तमिलनाडु और गुजरात के बीच होगा, जबकि लड़कियों के पहले सेमीफाइनल में हरियाणा और गुजरात की टक्कर होगी।
कुश्ती के मुकाबलों में हरियाणा की शानदार शुरुआत
61 किलो भार वर्ग में हरियाणा की सविता ने उत्तराखंड की वंशिका गोसाई को 10-0 से हराया। मध्य प्रदेश की रेखा जाट ने गुजरात की मीनाबेन पटेल को 10-2 से हराया। वहीं, दिल्ली की निकिता ने हिमाचल प्रदेश की खुशी ठाकुर को हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया।
शटलर उन्नति हुड्डा एकबार फिर चर्चा में
बैडमिंटन के एकल मुकाबले में थॉमस कप में भारत की टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी उन्नति हुड्डा ने अपना पहला मुकाबला जीतकर अगले राउंड में प्रवेश किया। बता दें कि उबर कप के बाद भारतीय महिला टीम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खास बातचीत की थी।
तब पीएम मोदी ने उन्नति से पूछा था- 'आप टीम में सबसे कम उम्र की खिलाड़ी थीं। किस प्रकार आपने बड़ी उम्र की खिलाड़ियों के साथ तालमेल बिठाया? हरियाणा में ऐसा क्या है कि यहां के खिलाड़ी बड़े से बड़ा मेडल लेकर आते हैं? इस पर उन्नति हुडडा का जवाब था- सर एक तो दूध दही का खाना और दूसरा आप मेडल जीतकर लाने वाले और मेडल न लाने वाले खिलाड़ियों में फर्क नहीं करते।