राष्ट्रमंडल खेलों में कास्य पदक जीतने वाले व लंदन ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले पी कश्यप लि निंग चाइना मास्टर्स बैडमिंटन के दौरान भारतीय चुनौती की अगुआई करते नजर आएंगे। ओलंपिक कास्य पदकधारी साइना नेहवाल की अनुपस्थिति में महिला सिंगल्स ड्रा में एकमात्र भारतीय पीवी सिंधू होंगी, जो अपने शुरुआती मैच में अमेरिका की जेमी सुबंधी से भिड़ेंगी। साइना ने इस टूर्नामेंट में आराम करने का फैसला किया है।
पुरुष सिंगल्स में आरएमवी गुरूसाईदत्त मलेशिया के मुहम्मद हफीज हाशिम से भिड़ेंगे। सौरभ वर्मा की भिड़ंत मलेशिया के डारेन लियू से होगी। ड्रा के अन्य मुकाबलों में अजय जयराम और आनंद पवार को कड़े शुरुआती मैच मिले हैं। जयराम का मुकाबला जापान के तीसरे वरीय केनिची टागो से होगा, जबकि पवार चीन के दूसरे वरीय जिन चेन से भिड़ेंगे। मौजूदा विश्व रैंकिंग में 19वें नंबर पर काबिज 25 वर्षीय कश्यप को टूर्नामेंट में आठवीं वरीयता दी गयी है और उन्हें एक क्वालीफायर से भिड़ना है जिसका फैसला अभी नहीं हुआ है।
ज्वाला गुट्टा ने कुछ दिनों के लिए कोर्ट से दूर रहने का फैसला किया है। इस वजह से वी दीजू भी इस टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे, जिससे तरुण कोना और अश्विनी पोनप्पा मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में भारतीय चुनौती पेश करेंगे। यह आठवीं वरीय जोड़ी मलेशिया के जियान गुओ ओंग और यिन लू लिम के सामने होगी।