बैडमिंटन में युगल विशेषज्ञ ज्वाला गट्टा मुश्किल में फंस गई हैं। उन पर अनुशासन तोड़ने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने लीग में 25 अगस्त को कृष दिल्ली स्मैशर्स और बंगा बीट्स के बीच मुकाबला आधा घंटा देरी से शुरू होने के मामले में दिल्ली टीम की युगल खिलाड़ी ज्वाला को कारण बताओ नोटिस जारी कर 14 दिन के अंदर जवाब देने को कहा है।
बीएआई के आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, "एस मुरलीधरन की अध्यक्षता वाली बीएआई की अनुशासन समिति को आईबीएल के इस मुकाबले के दौरान ज्वाला के व्यवहार की जांच करने को कहा गया है। ज्वाला को कारण बताओ नोटिस जारी कर उन्हें इस मामले में अपना पक्ष रखने को कहा गया है।"
बीएआई की विशेष आम सभा और कार्यकारी परिषद की हाल में मुंबई में हुई बैठक में आईबीएल के संबंध में विभिन्न मसलों पर फैसले लिए गए।
प्रवक्ता ने बताया कि आईबीएल की संचालन परिषद को इस घटना की जांच के लिए उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश को नियुक्त करने को कहा गया है।
25 अगस्त को दिल्ली स्मैशर्स और बंगा बीट्स के बीच मुकाबले में आधे घंटे का विलंब हुआ था। दिल्ली स्मैशर्स ने एक खिलाड़ी को बदले जाने को लेकर कोर्ट पर उतरने से इनकार कर दिया था।
संचालन परिषद अगले कुछ दिनों में बैठक कर यह नियुक्ति करेगी। इस बीच बाई ने दिल्ली बैडमिंटन एसोसिएशन को वोटिंग अधिकार के बिना क्लब का दर्जा प्रदान कर दिया है।